गोरखपुर में 2.25 करोड़ के सोने के साथ तीन अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरफ्तार, थाईलैंड रूट पर तस्करी का खुलासा
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआइ) ने गोरखपुर में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतरराष्ट्रीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। गोरखपुर रेलवे स्टेशन के पास से 1600 ग्राम अवैध गोल्ड बुलियन बरामद किया गया है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 2.25 करोड़ रुपये है। इस घटना ने थाईलैंड और म्यांमार जैसे देशों से अवैध सोना तस्करी के नए रास्तों के इस्तेमाल को उजागर किया है।
डीआरआइ अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार तस्कर पहले थाईलैंड से कोलकाता पहुंचे और फिर ट्रेन द्वारा गोरखपुर सोने की खेप लेकर आए। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों से बचने के लिए सोने को शरीर में छिपाया और विशेष पैकिंग का इस्तेमाल किया। हालांकि, डीआरआइ को पहले से मिली सूचना के आधार पर जाल बिछाकर उन्हें पकड़ा गया।
पूछताछ में मिले इनपुट से यह भी आशंका है कि यह तस्करी नेटवर्क हवाला कारोबार से जुड़ा हो सकता है, जिसमें सोने की बिक्री से प्राप्त रकम को अवैध रूप से विदेश भेजा जाता था। उत्तर प्रदेश और बिहार के कई बड़े आभूषण व्यापारियों और सिंडिकेट के नाम सामने आने की उम्मीद है। डीआरआइ अब इस गिरोह के मास्टरमाइंड, फाइनेंसर और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की तलाश कर रही है।
अधिकारियों ने बताया कि गोरखपुर, नेपाल सीमा से सटे इलाकों में सोना और विदेशी मुद्रा की तस्करी के लिए एक महत्वपूर्ण ट्रांजिट प्वाइंट बनता जा रहा है। डीआरआइ ने सीमा शुल्क अधिनियम के तहत सोना जब्त कर लिया है और पकड़े गए तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। डीआरआइ ने हवाला, सोना तस्करी और विदेशी मुद्रा से जुड़े अवैध नेटवर्क पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
