0

तुर्किये में ट्रम्प की सुरक्षा को खतरा: ईरानी एजेंटों को मिली ठिकाने की जानकारी, बदला एयरफोर्स वन

By Aug 13, 2026

तुर्किये में नाटो समिट के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। अमेरिकी अखबार द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी एजेंटों को ट्रम्प के ठहरने वाले स्थान और फ्लोर तक की जानकारी मिल गई थी। अमेरिकी इंटेलिजेंस ने इसे ट्रम्प की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा माना, जिसके चलते उनके यात्रा कार्यक्रम में बदलाव किया गया और उन्हें एक अलग विमान से रवाना किया गया।

इस घटना की पुष्टि स्वयं राष्ट्रपति ट्रम्प ने 11 अगस्त को पत्रकारों से बातचीत में की थी। उन्होंने बताया कि जिस विमान से वे तुर्किये पहुंचे थे, उस पर हमले का सबसे अधिक खतरा था। ट्रम्प ने बताया कि उन्हें एयरपोर्ट के केटरिंग ट्रक में बिठाकर चुपचाप दूसरे विमान तक ले जाया गया, ताकि उनकी आवाजाही की भनक किसी को न लगे।

सुरक्षा के लिए ऑपरेशन की तैयारी

रिपोर्ट में दावा किया गया कि ट्रम्प को ले जाने वाले किसी भी विमान पर जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइल से हमला किया जा सकता था। अमेरिकी इंटेलिजेंस को नाटो समिट के आसपास एक व्यक्ति को कंधे से दागी जाने वाली मिसाइल के साथ भी देखा गया था। इसके बाद सीक्रेट सर्विस और वरिष्ठ अधिकारियों ने ट्रम्प को तुर्किये से सुरक्षित निकालने के लिए एक विशेष ऑपरेशन तैयार किया।

सत्ता हस्तांतरण की व्यवस्था भी की गई

सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रम्प ने रक्षा मंत्री के साथ प्लेन बदला, जबकि विदेश और वित्त मंत्री पहले विमान से रवाना हुए। ऐसा इसलिए किया गया ताकि अमेरिका में राष्ट्रपति के साथ कोई अनहोनी होने की स्थिति में सत्ता संभालने की व्यवस्था बनी रहे। अमेरिका में राष्ट्रपति की अनुपस्थिति में उपराष्ट्रपति, फिर प्रतिनिधि सभा के स्पीकर, सीनेट के प्रेसिडेंट, विदेश मंत्री और फिर वित्त मंत्री को जिम्मेदारी मिलती है।

गुप्त तरीके से हुआ प्रस्थान

वॉशिंगटन पोस्ट की एक पूर्व रिपोर्ट के अनुसार, ट्रम्प अंकारा से रवाना होते समय पहले एयरफोर्स वन में सवार हुए थे, जो उन्हें कतर ने उपहार में दिया था। इसके बाद, एयरपोर्ट पर सामान और खाना पहुंचाने वाली केटरिंग गाड़ी की मदद से उन्हें चुपचाप अमेरिकी वायुसेना के वीआईपी सैन्य विमान C-32A तक ले जाया गया। इस दौरान मीडिया को भी इस बदलाव की भनक नहीं लगने दी गई। पत्रकारों को उड़ान के दौरान खिड़कियों के शेड नीचे रखने का निर्देश दिया गया था।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें