सुल्तानपुर के सरकारी कॉलेज में शिक्षकों की भारी कमी, UP education news: छात्राएं बोलीं- कैसे होगी पढ़ाई?
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में शिक्षा व्यवस्था की पोल खुल रही है। कादीपुर स्थित राजकीय बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज में शिक्षकों की भारी कमी के कारण छात्राओं की पढ़ाई अधर में लटकी हुई है। कॉलेज में कुल 21 स्वीकृत पदों के मुकाबले केवल 6 शिक्षक ही कार्यरत हैं। महत्वपूर्ण विषयों जैसे विज्ञान, गणित, अंग्रेजी और संस्कृत के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, जिससे छात्राओं को इन विषयों का ज्ञान ठीक से नहीं मिल पा रहा है।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार, प्रवक्ता के 9 स्वीकृत पदों में से केवल 2 ही भरे हुए हैं, जबकि 7 पद खाली हैं। इसी तरह, सहायक अध्यापक के 12 पदों में से 8 पद रिक्त हैं। शिक्षणेतर कर्मचारियों की स्थिति भी खराब है, जहां 12 में से 10 पद खाली पड़े हैं। इस गंभीर कमी का सीधा असर छात्राओं की संख्या पर दिख रहा है। पिछले सत्र में जहां 480 छात्राएं थीं, वहीं इस बार यह संख्या घटकर 466 रह गई है।
छात्राओं ने इस स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है। छात्रा अर्पिता मिश्रा ने बताया कि यदि विषयों के शिक्षक उपलब्ध हो जाएं तो उनकी पढ़ाई और भी अच्छी हो सकती है। अर्शिया बानो ने कहा कि शिक्षकों के अभाव में विषयों का ज्ञान ठीक से नहीं हो पा रहा है, जिससे भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी बाधा आएगी।
कॉलेज के प्रधानाध्यापक दिवाकर वर्मा ने स्वीकार किया कि शिक्षकों की कमी के कारण बच्चों को विषयों का ज्ञान ठीक से नहीं हो पाता है। उन्होंने शिक्षा विभाग से जल्द से जल्द रिक्त पदों पर भर्ती करने की मांग की है ताकि छात्राओं के छात्राओं के भविष्य को सुरक्षित किया जा सके।
