बहराइच में आदमखोर भेड़ियों का आतंक खत्म, 11 लोगों की जान लेने के बाद छठे भेड़िये को भी मारा गया
बहराइच के कैसरगंज रेंज में रविवार को वन विभाग के शूटरों ने दो घंटे की घेराबंदी के बाद छठे भेड़िये को मार गिराया। यह वन विभाग को 24 घंटे के अंदर मिली दूसरी सफलता है। पिछले तीन महीनों से इन भेड़ियों ने इलाके में दहशत फैला रखी थी।
भेड़ियों के हमले में अब तक नौ बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 32 लोग जख्मी हुए हैं। शनिवार को जरुआ गांव में एक वर्षीय बच्ची आरवी को भेड़िया दबोच ले गया था, जिसके अवशेष देर शाम घर से एक किलोमीटर दूर मिले थे। इस घटना के बाद वन विभाग ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया था।
रविवार देर शाम को भेड़िये की लोकेशन गोड़हिया नंबर चार के जरुआ गांव में नदी की कछार में मिली, जिसके बाद उसे मार गिराया गया। डीएफओ बहराइच रामसिंह यादव ने बताया कि अब तक छह भेड़ियों को मारने में सफलता हासिल हुई है। ग्रामीणों ने इस कार्रवाई के बाद राहत महसूस की है।
