बाघों की सुरक्षा होगी और मजबूत! कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में बनेंगी 7 नई वन चौकियां और क्रू स्टेशन
उत्तराखंड के नैनीताल स्थित कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (CTR) में वन्य जीवों की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए सात नई वन चौकियां बनाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त, गर्मियों में वनाग्नि से निपटने के लिए एक क्रू स्टेशन भी बनाया जाएगा। शासन ने इसके लिए 1.80 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी है।
कार्बेट टाइगर रिजर्व विशेषकर बाघों के लिए प्रसिद्ध है, और यहां बाघ समेत अनेक वन्य जीवों की कड़ी सुरक्षा रहती है। वर्तमान में घने जंगलों के भीतर वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए 170 वन चौकियां बनाई गई हैं, जहां वनकर्मी रहकर जंगल की निगरानी करते हैं।
विभाग की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को शासन ने स्वीकृत कर दिया है। कॉर्बेट के निदेशक साकेत बडोला ने बताया कि चार वन चौकियां रामनगर क्षेत्र में और तीन कालागढ़ वन प्रभाग में बनाई जाएंगी। चौकियां बनाने के लिए जगह का चयन किया जा रहा है। इन नई चौकियों के बनने से वनकर्मियों को गश्त के लिए ज्यादा दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और वन्य जीवों की सुरक्षा और भी आसान होगी।
इसके अलावा, गर्मियों में वनाग्नि से बचाव के लिए बिजरानी रेंज के बबलिया क्षेत्र में एक क्रू स्टेशन भी बनाया जाएगा। इस क्रू स्टेशन में आग बुझाने के उपकरण, स्टाफ, वायरलैस और कंप्यूटर जैसी सुविधाएं होंगी, जिससे सूचना का आदान-प्रदान तेजी से किया जा सकेगा। अभी कार्बेट टाइगर रिजर्व में तीन क्रू स्टेशन हैं, यह चौथा स्टेशन चौथा होगा।
