सिरसा से किडनैप हुई जुड़वा बहनों की दर्दनाक आपबीती, 7 दिन तक बेहोशी में रखा; पानीपत स्टेशन पर मिलीं
सिरसा से अपहृत दो जुड़वा किशोरियां पानीपत रेलवे स्टेशन पर डरी हुई हालत में मिलीं। सात दिन पहले उनका अपहरण हुआ था, जिसमें दो महिलाएं समेत सात लोग शामिल थे। बेहोशी की हालत में उन्हें पानीपत के एक कमरे में रखा गया था। मौका पाकर वे भाग निकलीं और जीआरपी कांस्टेबल की मदद से अपने परिवार तक पहुंचीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दोनों किशोरियों के बयान ने पुलिस को भी चौंका दिया। उन्होंने बताया कि करीब सात दिन पहले उन्हें उस समय किडनैप कर लिया गया था, जब वे घर से बाहर निकली थीं। मामला सिरसा के सदर थाने में दर्ज भी कराया गया था और तब से स्वजन उनकी तलाश में भटक रहे थे। किशोरियों ने बताया कि अपहरण करने वालों में दो महिलाएं समेत लगभग सात लोग शामिल थे। यह गैंग उन्हें बेहोशी की हालत में पानीपत लाया था और एक बंद कमरे में रखा गया था।
होश आने पर भी उन्हें बाहर निकलने से रोका गया और धमकाया गया। दोनों किसी तरह मौका देखकर भाग निकलीं। सड़क पर पहुंचने के बाद वे बिना दिशा-ज्ञान के भागती रहीं और पानीपत रेलवे स्टेशन पहुंच गईं। स्टेशन पर उन्होंने यात्रियों से फोन मांगकर अपने स्वजनों को काल करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने भी उनकी मदद नहीं की। दोनों ने कहा कि लोग उनकी हालत देखकर भी अनसुना करते रहे, जिससे उनका डर और बढ़ता गया।
इसी बीच प्लेटफार्म पर गश्त कर रहे जीआरपी कांस्टेबल पर उनकी नजर पड़ी और दोनों किशोरियां रोती हुई उसकी ओर दौड़ीं और पूरी आपबीती बताई। कांस्टेबल उन्हें तुरंत थाने ले गया और सुरक्षा में रखा। इसके बाद जीआरपी ने सिरसा में रहने वाले उनके परिवार और सदर थाना पुलिस को सूचना भेजी। सूचना मिलते ही स्वजन और सिरसा पुलिस टीम पानीपत पहुंची। पुलिस ने दोनों किशोरियों से विस्तृत बयान लिए और आरोपितों की पहचान के संकेत मिलने के बाद टीमों का गठन कर दिया गया है।
