उत्तराखंड में खुलेगा पहला Gen Z डाकघर, युवाओं को मिलेंगी ये खास सुविधाएं!
भारतीय डाक विभाग ने युवाओं को डाक सेवाओं से जोड़ने के लिए एक अभिनव पहल शुरू की है। विभाग ‘विद्यार्थियों द्वारा विद्यार्थियों के लिए’ थीम पर आधारित Gen Z डाकघर स्थापित कर रहा है। उत्तराखंड का पहला Gen Z डाकघर जनपद पौड़ी के जीबी पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान घुड़दौड़ी परिसर में खुलने जा रहा है।
इस डाकघर में डाक सेवाओं के साथ-साथ युवाओं को आकर्षित करने के लिए फ्री-वाईफाई सेवा, कैफेटेरिया और मिनी लाइब्रेरी जैसी आधुनिक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। स्पीड पोस्ट की डाक्यूमेंट सर्विस में छात्रों को शुल्क में 10 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी। विभाग की माई स्टांप सेवा से युवा स्वयं के नाम के डाक टिकट भी बनवा सकते हैं।
प्रधान डाकघर पौड़ी के डाक अधीक्षक दीपक शर्मा ने बताया कि डाकघर का उद्घाटन 1 दिसंबर को मुख्य अतिथि उत्तराखंड परिमंडल की पोस्ट मास्टर जनरल शशि शालिनी कुजूर व संस्थान के निदेशक प्रो. विजय कुमार बंगा करेंगे। डाक पार्सल की पैकेजिंग व बुकिंग सुविधा एक ही काउंटर पर उपलब्ध होगी।
भारतीय डाक विभाग का प्रदेश में दूसरा Gen Z डाकघर हल्द्वानी में खुलेगा। विभाग के अनुसार दिसंबर में प्रदेश का दूसरा Gen Z डाकघर मोतीराम, बाबूराम राजकीय पीजी कालेज हल्द्वानी में खोला जाएगा। डाक विभाग श्रीनगर गढ़वाल में डाकघर कमलेश्वर को भी Gen Z डाकघर की तर्ज पर विकसित करने की योजना बना रहा है।
