गया में चोरों का आतंक: एक ही रात में तीन घरों में सेंधमारी, पड़ोसियों को बाहर से किया बंद
गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के बिछा पंचायत अंतर्गत खानपुर गांव में गुरुवार की देर रात चोरों ने एक साथ तीन घरों में भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने राजाराम प्रसाद, शिवनंदन सिंह और हरिद्वार सिंह के घरों को निशाना बनाया। इन तीनों घरों के मालिक किसी काम से घर से बाहर थे, जिसके कारण घरों में ताला लगा हुआ था। चोरों ने चौथे घर, पप्पू सिंह के घर का ताला तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए।
चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए एक शातिर तरीका अपनाया। उन्होंने चोरी से पहले पड़ोस के सभी घरों का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था, ताकि कोई भी पड़ोसी जागने पर बाहर न निकल पाए और चोरों को पकड़ने की कोशिश न कर सके। शुक्रवार की सुबह जब पड़ोसी जागे और घर से बाहर जाने लगे, तो उन्हें पता चला कि उनके दरवाजे बाहर से बंद हैं। किसी तरह दूसरी गली के लोगों ने आकर उनका दरवाजा खोला, जिसके बाद उन्हें चोरी की घटना का पता चला।
पीड़ित गृहस्वामी राजाराम प्रसाद ने बताया कि उनके घर के बक्सों में रखे कांसा, पीतल और तांबा के पुराने बर्तन तथा 51 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए गए हैं। शिवनंदन सिंह और हरिद्वार सिंह के घर में भी चोरी हुई है, जो एक दिन पहले ही रिश्तेदार के यहां किसी समारोह में शामिल होने गए थे। उन्हें फोन पर सूचना दी गई है और उनके लौटने पर ही क्षति का सही आकलन हो पाएगा।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि पीड़ितों के बयान दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से लगातार चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस इन मामलों का खुलासा नहीं कर पाई है। स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी है और वे लगातार हो रही चोरियों के कारण दहशत में जी रहे हैं।
