तरनतारन में लूटपाट का विरोध करने पर किराना दुकानदार की गोली मारकर हत्या
पंजाब के तरनतारन जिले के गांव भुल्लर में सोमवार दोपहर एक किराना दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार दो लुटेरे दुकान के बाहर आए। एक लुटेरा दुकान के अंदर घुसा और पिस्टल निकालकर दुकानदार दलजीत सिंह (45) से गल्ले में रखे पैसे मांगने लगा।
विरोध करने पर लुटेरे ने दलजीत सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलियां लगने से दलजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए गुरु नानक देव सुपर स्पेशलिटी अस्पताल तरनतारन ले जाया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूत्रों के अनुसार, लुटेरे दुकान से लगभग 400 रुपये नकद लूटकर फरार होने में सफल रहे।
घटना के संबंध में सूत्रों ने बताया कि दलजीत सिंह, जो पूर्व सरपंच खजान सिंह के बेटे थे, अपनी दुकान पर मौजूद थे जब दोपहर करीब 2 बजे यह वारदात हुई। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब दलजीत सिंह का बेटा कुछ दिनों में विदेश जाने वाला था।
सूचना मिलते ही थाना सदर के प्रभारी सब इंस्पेक्टर रंजीत सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली है। फुटेज के अनुसार, एक लुटेरे ने लोअर और काले रंग की कोटी पहनी हुई थी और उसने अपना चेहरा मफ्लर से ढका हुआ था। वहीं, मोटरसाइकिल चला रहा युवक पैंट-शर्ट पहने और हुड्डी लगाए हुए था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुरिंदर लांबा ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि स्वजनों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या मृतक को रंगदारी के लिए कोई फोन कॉल आई थी। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही हत्यारों की पहचान कर ली जाएगी।
