ट्रम्प की चीन यात्रा की घोषणा, शी चिनफिंग से फोन पर हुई अहम बातचीत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा है कि उन्होंने चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग का अप्रैल में बीजिंग आने का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही, ट्रंप ने शी चिनफिंग को अगले साल के अंत में अमेरिका की राजकीय यात्रा के लिए आमंत्रित किया है। यह घोषणा दोनों नेताओं के बीच सोमवार सुबह हुई फोन पर बातचीत के कुछ घंटों बाद आई।
सूत्रों के अनुसार, ट्रंप और शी चिनफिंग के बीच यूक्रेन में चल रहे युद्ध, फेंटेनाइल की तस्करी और सोयाबीन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। यह फोन पर हुई बातचीत दक्षिण कोरिया के बुसान शहर में दोनों राष्ट्राध्यक्षों की आमने-सामने की मुलाकात के लगभग एक महीने बाद हुई। ट्रंप ने इस बातचीत को ‘बहुत अच्छी’ बताया और कहा कि चीन के साथ अमेरिका के संबंध ‘बेहद मजबूत’ हैं।
ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में यह भी कहा कि उन्होंने अपने देश के किसानों के लिए एक “अच्छा और बहुत महत्वपूर्ण सौदा” किया है, जिसके और बेहतर होने की उम्मीद है। वहीं, चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, शी चिनफिंग ने ट्रंप से कहा कि ताइवान का मुख्यभूमि चीन में वापस आना द्वितीय विश्व युद्ध के बाद बनी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था का एक अहम हिस्सा है। उन्होंने यह भी कहा कि चीन और अमेरिका को युद्ध की जीत से मिले परिणामों की संयुक्त रूप से रक्षा करनी चाहिए।
यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब ताइवान को लेकर अंतरराष्ट्रीय तनाव बढ़ रहा है। हाल ही में जापान की प्रधानमंत्री ने कहा था कि यदि चीन ताइवान के खिलाफ कोई सैन्य कदम उठाता है, तो जापान इसमें हस्तक्षेप कर सकता है। ताइवान एक स्वशासित द्वीप है, जिस पर चीन अपना दावा करता है। व्हाइट हाउस ने फोन पर हुई बातचीत की पुष्टि की है, लेकिन विस्तृत जानकारी नहीं दी है।
