तकनीकी भूल: 1500 रुपये में iPad Air, अब कंपनी ने मांगे पूरे दाम या वापसी
इटली से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक प्रमुख रिटेल चेन MediaWorld ने एक बड़ी तकनीकी खामी के चलते iPad Air को महज 15 यूरो, यानी लगभग 1,500 रुपये में बेच दिया। यह कीमत 13 इंच के iPad Air मॉडल के लिए थी, जिसकी असली कीमत करीब 79,990 रुपये है। यह गड़बड़ी कंपनी के ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर अचानक आई एक तकनीकी समस्या के कारण हुई, और यह कम कीमत लगभग 11 दिनों तक ऑनलाइन उपलब्ध रही। इस दौरान कई ग्राहकों ने सस्ते में आईपैड ऑर्डर किए, और कुछ तो स्टोर से सीधे डिलीवरी भी प्राप्त करने में सफल रहे।
हालांकि, जैसे ही कंपनी को अपनी इस गलती का एहसास हुआ, उन्होंने प्रभावित सभी ग्राहकों को एक ईमेल भेजा। इस ईमेल में ग्राहकों को दो विकल्प दिए गए। पहला विकल्प यह है कि ग्राहक आईपैड को अपने पास रख सकते हैं, लेकिन उन्हें बाकी की राशि का भुगतान करना होगा, जिसके साथ कंपनी कुछ अतिरिक्त छूट भी प्रदान करेगी। दूसरा विकल्प यह है कि ग्राहक आईपैड को वापस कर सकते हैं और उन्हें अपने द्वारा भुगतान की गई 15 यूरो की पूरी राशि का रिफंड मिल जाएगा। इसके अतिरिक्त, कंपनी ने अपनी इस गलती के लिए माफी मांगते हुए ग्राहकों को 20 यूरो, यानी लगभग 2,050 रुपये का डिस्काउंट वाउचर भी देने की पेशकश की है।
MediaWorld के एक प्रवक्ता ने इस घटना को एक ‘तकनीकी त्रुटि’ बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस गड़बड़ी के कारण उत्पाद बहुत कम कीमत पर प्रदर्शित हो रहा था, जो कंपनी की वास्तविक व्यावसायिक नीति को बिल्कुल भी नहीं दर्शाता था। कंपनी का कहना है कि कानून के तहत, उन्हें ऐसी बड़ी गलतियों को सुधारने और अनुबंध में संतुलन बनाए रखने के लिए कदम उठाने का अधिकार है। यह मामला ग्राहकों के लिए जहां एक ओर खुशी का अवसर लेकर आया, वहीं दूसरी ओर कंपनी के लिए एक बड़ी सिरदर्दी साबित हुआ।
