ताजमहल उर्स: 1720 मीटर लंबी सतरंगी चादर चढ़ाई गई, Free Entry से उमड़े पर्यटक
आगरा में शाहजहां के 371वें उर्स के मौके पर ताजमहल में तीन दिवसीय आयोजन किया गया। इस दौरान खुद्दाम ए रोजा कमेटी ने सर्वधर्म सद्भाव का प्रतीक मानी जाने वाली 1720 मीटर लंबी सतरंगी चादर चढ़ाई। यह चादर दक्षिणी गेट स्थित हनुमान मंदिर से शुरू होकर मुख्य मकबरे तक ले जाई गई।
उर्स के दौरान ताजमहल में पर्यटकों को निःशुल्क प्रवेश दिया गया, जिसके चलते बड़ी संख्या में पर्यटक और जायरीन उमड़े। पिछले वर्ष उर्स में 1640 मीटर लंबी चादर चढ़ाई गई थी, इस बार चादर की लंबाई में वृद्धि की गई।
उर्स के दूसरे दिन, शुक्रवार को साप्ताहिक बंदी के कारण ताजमहल सुबह बंद रहा। दोपहर 12:30 बजे नमाज के लिए इसे खोला गया। दोपहर दो बजे उर्स कमेटी के सदस्यों ने संदल (चंदन, गुलाबजल, इत्र का मिश्रण), फूलों की चादर और अन्य सामग्री मुख्य कब्रों पर पेश की। मुख्य मकबरे में स्थित तहखाने को खोलकर शाहजहां की कब्र पर संदल का लेप किया गया और चादर चढ़ाई गई। इस दौरान कव्वाली का भी आयोजन किया गया।
