तेज रफ्तार रोडवेज बस ने कानपुर नगर निगम की क्लर्क को कुचला, मौके पर मौत
लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन के फुट ओवरब्रिज के पास रविवार की सुबह एक हृदय विदारक घटना में तेज रफ्तार अनियंत्रित रोडवेज बस ने कानपुर नगर निगम की एक महिला क्लर्क को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
सूत्रों के अनुसार, उन्नाव के शुक्लागंज निवासी 40 वर्षीय संगीता रावत अपनी भांजी के कुर्सी रोड स्थित घर में आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शनिवार को लखनऊ आई थीं। उनके साथ उनके बच्चे भी थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद रविवार को वह एम्स रायबरेली में भर्ती अपने पिता से मिलने के लिए चारबाग स्टेशन पहुंचीं।
जैसे ही संगीता रावत फुट ओवरब्रिज के पास सड़क पार करने लगीं, तभी चारबाग डिपो की एक तेज रफ्तार रोडवेज बस अनियंत्रित होकर उनकी ओर बढ़ आई और उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की रफ्तार इतनी अधिक थी कि महिला को संभलने का मौका ही नहीं मिला। वह बस के नीचे आ गईं और घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने तुरंत बस चालक को पकड़ लिया। भीड़ ने चालक की थोड़ी पिटाई भी की और उसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने तुरंत घटना की सूचना मृतका के परिवार को दी। इस हादसे में संगीता के साथ सड़क पार कर रहे उनके बेटे आदी को भी चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है।
हुसैनगंज थाने के इंस्पेक्टर शिवमंगल सिंह ने बताया कि मृतका की बेटी की तहरीर के आधार पर बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन छानबीन की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, संगीता रावत को उनके पति की तीन वर्ष पूर्व मृत्यु के बाद मृतक आश्रित कोटे के तहत कानपुर नगर निगम में क्लर्क की नौकरी मिली थी। इस अचानक हुई घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और सभी गहरे सदमे में हैं।
