0

तेज म्यूजिक वाले कैंटर ने ली युवक की जान, इलाज के दौरान तोड़ा दम

By Dec 8, 2025

फरीदाबाद के छांयसा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक नरेश भाटी की इलाज के दौरान मौत हो गई। नरेश भाटी अपनी फैक्ट्री से काम खत्म करके देर शाम बाइक से घर लौट रहा था, तभी एक तेज म्यूजिक बजाते हुए कैंटर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण टक्कर में नरेश गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलते ही परिजन फौरन मौके पर पहुंचे और घायल नरेश को NIT नंबर 3 स्थित ESI अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने नरेश की हालत गंभीर देखते हुए उसका तुरंत इलाज शुरू कर दिया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण नरेश जिंदगी की जंग हार गया और अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही छांयसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा सूचित किए जाने के बाद पुलिस ने अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कैंटर के नंबर प्लेट की तलाश शुरू कर दी है, ताकि आरोपी चालक को पकड़ा जा सके।

मृतक नरेश भाटी गांव का रहने वाला था और स्टार वायर फैक्ट्री में काम करता था। उसके छोटे भाई कृष्ण भाटी ने बताया कि 26 नवंबर की शाम करीब 6 बजे वह अपनी ड्यूटी खत्म कर घर के लिए निकला था। उसी दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस ने ESI मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम कराने के बाद नरेश के शव को उसके परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और कैंटर चालक की तलाश जारी है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें