0

नेपाल से आए तेल में मिलावट का शक, बरेली में पैकेजिंग यूनिट पर तत्काल बैन

By Jan 22, 2026

जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। बरेली के फरीदपुर तहसील क्षेत्र में स्थित मेसर्स खंडेलवाल एडिबिल आयल्स प्राइवेट लिमिटेड की खाद्य तेल पैकेजिंग इकाई पर सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान संदिग्ध गुणवत्ता के खाद्य तेल पाए जाने पर विभाग ने मौके से कई नमूने एकत्र किए। जांच रिपोर्ट आने तक लाखों रुपये मूल्य के तेल की बिक्री पर तत्काल प्रतिबंध लगा दिया गया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, खंडेलवाल कंपनी का ‘चक्र’ ब्रांड सरसों तेल पूर्व में भी जांच में फेल हो चुका है और उसे खाने के लिए असुरक्षित पाया गया था। दोबारा जांच कराई गई तो नेपाल में निर्मित तेल मिला है, जिसके सुरक्षा मानकों को जांचना आवश्यक है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल ने बताया कि नेपाल से आयात होकर आने वाले खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता का स्तर जानना बेहद जरूरी है। जब तक जांच रिपोर्ट सामने नहीं आ जाती, तब तक ऐसे उत्पादों को जनसामान्य के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बिक्री के लिए नहीं छोड़ा जा सकता।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने परिसर में भंडारित नेपाल निर्मित ‘माया’ ब्रांड सरसों तेल के 15 किलोग्राम क्षमता वाले टीन और ‘साजन’ ब्रांड रैपसीड आयल के भी नमूने एकत्र किए। इस श्रेणी के कुल 30 टीन को भी तत्काल प्रभाव से बिक्री के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया। सभी नमूनों को विशेष वाहक के माध्यम से खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई लोगों की सेहत से किसी भी कीमत पर समझौता न करने के विभाग के संकल्प को दर्शाती है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें