भारतीय सेना की बढ़ेगी ताकत, अमेरिका से आ रहे 3 अपाचे और सीहॉक हेलीकॉप्टर
भारतीय वायुसेना को जल्द ही अमेरिका से बचे हुए 3 अपाचे AH-64 अटैक हेलीकॉप्टर मिलने वाले हैं। साथ ही भारतीय नौसेना MH-60R सीहॉक हेलीकॉप्टर को इसी हफ्ते तक स्क्वाड्रन में शामिल करने वाला है। हेलीकॉप्टरों की यह खेप मिलने के बाद भारतीय वायुसेना और नौसेना की शक्ति बढ़ जाएगी।
रक्षा अधिकारी के अनुसार, 3 अपाचे गनशिप टैंकों को हवा से ही ध्वस्त कर सकते हैं। इनमें एयर टू एयर मिसाइल, एयर टू ग्राउंड मिसाइल समेत बंदूकें और रॉकेट भी मौजूद होंगे। कुछ ही समय में हेलीकॉप्टर की यह खेप भारत पहुंच जाएगी। भारत और अमेरिका के बीच फरवरी 2020 में डील हुई थी। 5,691 करोड़ की इस डील में भारत ने अमेरिका को 6 अपाचे हेलीकॉप्टर का ऑर्डर दिया था। इसकी पहली खेप इसी साल जुलाई में मिली थी। वहीं, अब हेलीकॉप्टर की दूसरी खेप भी आने वाली है।
आर्मी और वायुसेना को उम्मीद है कि 2028 से 156 स्वदेशी लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर मिलने भी शुरू हो जाएंगे। अगले 10-15 सालों में भारतीय सेना को अलग-अलग तरह के 1000 से ज्यादा हेलीकॉप्टर चाहिए। इन्हें चीता और चेतक हेलीकॉप्टरों की जगह कमीशन किया जाएगा। इनमें 484 हल्के हेलीकॉप्टर होंगे, जिनका वजन 3.5 टन तक होगा। वहीं, 10-15 टन वाले 419 हेलीकॉप्टर होंगे, जो कई तरह के काम करने में माहिर होंगे।
