‘Single Papa’ Review: कुणाल खेमू ने जीता दिल, प्राजक्ता कोली के साथ मिलकर मचाया धमाल
कुणाल खेमू एक बार फिर दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार हैं, इस बार एक हरियाणवी सिंगल पिता की भूमिका में। उनकी नई सीरीज ‘सिंगल पापा’ नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो चुकी है। यह सीरीज एक भावनात्मक कहानी को हल्के-फुल्के अंदाज में पेश करती है। ‘सिंगल पापा’ गौरव गहलोत (कुणाल खेमू) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो तीस की उम्र में भी दिल से ‘मैन-चाइल्ड’ है। तलाक के बाद जब उसे अपनी कार की पिछली सीट पर एक बच्चा मिलता है, तो उसकी जिंदगी में एक नाटकीय मोड़ आता है।
‘सिंगल पापा’ सिंगल पेरेंट होने की चुनौतियों को बहुत ही वास्तविक और संवेदनशील तरीके से दिखाती है, जिसमें कॉमेडी का तड़का भी है। यह सीरीज दर्शकों से बहुत सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त कर रही है। सोशल मीडिया पर लोग इसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “मैं शायद ही कभी सीरीज या फिल्मों से जुड़ पाता हूं, लेकिन ‘सिंगल पापा’ ने मुझे बांध लिया! लंबे समय बाद एक बहुत अच्छी और हास्यपूर्ण वॉच। कुणाल खेमू और पूरी टीम को बधाई।”
सीरीज की सबसे बड़ी ताकत कुणाल खेमू और प्राजक्ता कोली का शानदार प्रदर्शन है। कुणाल ने अपने किरदार को बड़ी सादगी और ईमानदारी के साथ निभाया है। उनका अभिनय दर्शकों को एक सिंगल पिता के संघर्षों और भावनाओं से जोड़ता है। प्राजक्ता कोली, जो कुणाल की बहन का किरदार निभा रही हैं, कहानी को एक अतिरिक्त मजबूत आयाम देती हैं। वह एक करियर वुमन के किरदार को दर्शाती हैं जिस पर परिवार की शादी के लिए दबाव है। ‘सिंगल पापा’ एक मार्मिक, मजेदार और भावुक ड्रामा है जिसे पूरा परिवार एक साथ देख सकता है।
