गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर पुलिस का एक्शन, 292 चालान काटकर वसूला 4.49 लाख जुर्माना
जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को देखते हुए यातायात पुलिस ने एक बड़ा अभियान शुरू किया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगाम कसना है ताकि दुर्घटनाओं को कम किया जा सके। यातायात पुलिस ने विशेष रूप से गलत दिशा में वाहन चलाने वाले, शराब पीकर ड्राइविंग करने वाले और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले चालकों पर शिकंजा कसा है। इस दौरान नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 292 वाहनों के चालान काटे गए।
सीओ यातायात अमित कुमार के नेतृत्व में यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने कासगंज-सोरों मार्ग, बिलराम गेट चौराहा, हजारा नहर पुल, नदरई नदरई तिराहा और एटा रोड स्थित अमरपुर बाइपास पर सघन चेकिंग की। चेकिंग के दौरान तेज गति से वाहन चलाने पर 9 वाहनों के ऑनलाइन चालान काटे गए। एक चालक शराब पीकर वाहन चला रहा था, जिसके वाहन को सीज कर दिया गया। विपरीत दिशा में वाहन चलाने पर 11 चालकों पर कार्रवाई की गई। सीट बेल्ट न लगाने पर 13 चार पहिया वाहनों के चालान काटे गए।
दो पहिया वाहन चालकों ने भी नियमों का जमकर उल्लंघन किया। बिना हेलमेट के वाहन चलाने पर 189 चालान काटे गए, साथ ही उन्हें हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया गया। 19 दो पहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठी मिलीं, जिनके खिलाफ भी कार्रवाई हुई। मालवाहक वाहनों पर सवारियां बैठाकर यात्रा करने वाले पांच चालकों पर भी जुर्माना लगाया गया। इस अभियान के तहत कुल 292 चालानों पर 4.49 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया, जो दर्शाता है कि पुलिस अब नियमों के प्रति सख्ती बरत रही है।
