श्रीनगर सचिवालय में ड्यूटी पर 10 वरिष्ठ अधिकारी, कामकाज होगा सुचारू
जम्मू-कश्मीर सरकार ने आगामी सर्दियों के मौसम में श्रीनगर सचिवालय में प्रशासनिक कामकाज को सुचारू बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सरकार ने 1 दिसंबर से 10 वरिष्ठ अधिकारियों, जिनमें भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी भी शामिल हैं, की तैनाती का रोस्टर जारी किया है। इन अधिकारियों को अलग-अलग समयावधि में श्रीनगर में रहकर सचिवालय के कार्यों की निगरानी और संचालन सुनिश्चित करना होगा, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था बनी रहे।
सचिवालय के जम्मू स्थानांतरण के बाद श्रीनगर सचिवालय में कामकाज को गति देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। सामान्य प्रशासनिक विभाग के आयुक्त सचिव एम राजू की ओर से जारी किए गए आदेश के अनुसार, यह तैनाती प्रशासनिक कामकाज के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए की गई है।
जारी रोस्टर के अनुसार, आईएएस अधिकारी और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के आयुक्त सचिव सौरभ भगत व समाज कल्याण विभाग के आयुक्त सचिव सरमद हफीज़ 1 दिसंबर से 5 दिसंबर तक श्रीनगर सचिवालय में उपलब्ध रहेंगे। इसके बाद, वित्त विभाग के प्रमुख सचिव संतोष दत्तात्रय वैद्य और उद्यान, पार्क एवं गार्डन विभाग के प्रमुख सचिव, जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा के अधिकारी जुबैर अहमद 8 दिसंबर से 12 दिसंबर तक अपनी सेवाएं देंगे।
सरकार ने गृह विभाग के प्रमुख सचिव चंद्राकर भारती और श्रम एवं रोजगार विभाग के प्रशासनिक सचिव कुमार राजीव रंजन की 15 दिसंबर से 19 दिसंबर तक श्रीनगर सचिवालय में ड्यूटी लगाई है। वहीं, जन शिकायत विभाग के सचिव नीरज कुमार और परिवहन विभाग की प्रशासनिक सचिव अवनी लवासा 22 से 26 दिसंबर तक श्रीनगर सचिवालय में मौजूद रहेंगी।
इसके अतिरिक्त, जनजातीय मामलों के विभाग के सचिव प्रसन्ना रामास्वामी और स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव राम निवास शर्मा को 29 दिसंबर 2025 से 2 जनवरी 2026 तक श्रीनगर सचिवालय में तैनात किया गया है। सरकार का यह कदम दिसंबर महीने के दौरान शासकीय कार्यों के सुचारू संचालन और विभागीय कामकाज को मजबूत बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। यह व्यवस्था दरबार मूव की बहाली की तैयारियों को भी बल दे सकती है।
