शराब का ग्लास गिरा, दोस्त ने ले ली जान: बरेली में खूनी बदला
बरेली। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक मामूली विवाद ने खूनी शक्ल अख्तियार कर लिया, जिसमें एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। रजऊ परसपुर गांव निवासी अभिषेक यादव की बीच सड़क पर चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक मुख्य आरोपी अभी भी फरार है।
पुलिस ने शुरू में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी, लेकिन जांच में उनका हाथ नहीं पाया गया। आगे की पड़ताल में पांच अन्य लोगों के नाम प्रकाश में आए, जिसके बाद हत्या की पूरी कहानी सामने आई। पूछताछ में पता चला कि अभिषेक की हत्या शराब के ग्लास गिरने के मामूली विवाद का बदला लेने के लिए की गई थी।
स्वजन के मुताबिक, अभिषेक बुधवार को गांव में चल रही रामलीला का मेला देखने गया था। वहां से वह अपने तीन दोस्तों के साथ भिंडौलिया स्थित शराब की भट्ठी पर शराब पीने पहुंचा। वहां पहले से देहजब्ती निवासी गोपी, दीपक और हुकुम सिंह शराब पी रहे थे। नशे की हालत में अभिषेक का पैर लगने से गोपी का ग्लास गिर गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा शुरू हो गया। उस समय अभिषेक के साथ चार लोग थे, इसलिए तीनों आरोपी वहां से चले गए।
हालांकि, यह बात गोपी को नागवार गुजरी। उसने फोन कर अपने भाई राजन और रोनक को बुला लिया। इसके बाद पांचों आरोपियों ने अभिषेक की तलाश की और उसे सड़क पर घेर लिया। उन्होंने अभिषेक के साथ मारपीट शुरू कर दी और गुस्से में गोपी ने चाकू निकालकर अभिषेक के सीने, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार किए। बीच-बचाव करने आए अभिषेक के दोस्त विकास को भी चोटें आईं। उपचार के दौरान अभिषेक की मौत हो गई।
पुलिस ने विकास से पूछताछ की, जिसने पूरी घटना का ब्योरा दिया। इसके बाद पुलिस ने गोपी, दीपक, हुकुम सिंह और रोनक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस मामले का मुख्य आरोपी राजन अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। एसपी नॉर्थ मुकेश मिश्रा ने बताया कि शराब का ग्लास गिरने को लेकर हुए विवाद के बाद ही आरोपियों ने बदला लेने के उद्देश्य से अभिषेक की हत्या की थी।
