प्रयागराज में ‘शक्ति सृजन’ अभियान शुरू, हर्षा रिछारिया ने युवाओं से की खास अपील | Prayagraj news
प्रयागराज में ‘शक्ति सृजन-एक आध्यात्मिक यात्रा’ अभियान की शुरुआत हुई। इस अभियान का उद्देश्य समाज में नैतिक मूल्यों, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना को पुनर्जीवित करना है। कार्यक्रम का शुभारंभ कटरा स्थित श्री राम लीला कमेटी मैदान में हुआ, जहां दीप प्रज्वलन और देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना के साथ भक्तिमय माहौल बना।
मुख्य वक्ता के रूप में प्रसिद्ध सनातनी प्रचारक हर्षा रिछारिया ने नारी सशक्तिकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में स्त्री को शक्ति और सृजन का प्रतीक माना गया है। आज महिलाओं को अपनी आंतरिक शक्ति को पहचानकर समाज में नेतृत्व की मजबूत भूमिका निभानी चाहिए।
हर्षा रिछारिया ने युवाओं से विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है। एक स्वस्थ और मजबूत राष्ट्र के निर्माण के लिए नशे से दूर रहना आवश्यक है। उन्होंने पाश्चात्य संस्कृति के बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए युवाओं को अपनी जड़ों से जुड़े रहने की सलाह दी।
उन्होंने ‘लव जिहाद’ जैसे सामाजिक मुद्दों पर भी बात की और कहा कि भावनाओं के शोषण को रोकने के लिए जागरूकता और अच्छे संस्कार सबसे बड़े हथियार हैं। यह अभियान समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर जागरूकता, संस्कार और आत्मबल को मजबूत करने का लक्ष्य रखता है।
