पंजाब में कड़ाके की ठंड का कहर, 8 जिलों में येलो अलर्ट जारी; पारा शून्य के करीब
पंजाब में बादल छंटने से तापमान में गिरावट आई है, जिससे आठ जिले शीतलहर की चपेट में हैं और येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में रात व दिन ठंडे रहने वाले हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मध्य दिसंबर के आते-आते राज्य का औसत तापमान और गिरेगा। इसके साथ ही खुले इलाकों में धुंध व कोहरा भी अधिक होने लगेगा।
मौसम विभाग के अनुसार आज राज्य के 8 जिले हैं, जो शीतलहर की चपेट में हैं। जिनके चलते राज्य में यलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के जालंधर, फिरोजपुर, मोगा, फरीदकोट, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में आज तापमान सामान्य से कम रहने का अनुमान है और यहां दिन-रात ठिठुरन भरे रह सकते हैं। लेकिन मौसम विज्ञान ने शनिवार व उसके बाद अभी तक शीतलहर को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। जिसके चलते अनुमान है कि यहां लोगों को हल्की राहत मिलेगी। वहीं, आने वाले 5 दिन मौसम शुष्क रहने का भी अनुमान है।
बीते कुछ दिनों से राज्य के ऊपर हल्के बादल गुजर रहे थे। वीरवार अच्छी धूप खिली। जिसके चलते राज्य के अधिकतम तापमान में वीरवार हल्की 0.6 डिग्री की बढ़ौतरी देखने को मिली। लेकिन इसके बावजूद राज्य का तापमान अभी भी 1.7 डिग्री सामान्य से कम बना हुआ है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तकरीबन 2 डिग्री तक कम है। शनिवार सुबह राज्य का औसतम तापमान 0.4 डिग्री गिरा। वहीं, बीते दिनों फरीदकोट का तापमान एक बार फिर 3 डिग्री दर्ज किया गया। अन्य जिलों के तापमान में भी हल्की-हल्की कमी देखने को मिली है।
पर्यावरण विशेषज्ञों का मानना है कि हवा का बहाव राज्य में लोगों को प्रदूषण से हल्की राहत दे रहा है। लेकिन ये अस्थायी है। प्रदूषण का स्थायी हल बारिश है और आने वाले एक सप्ताह अभी बारिश के आसार नहीं बन रहे हैं और राज्य का अधिकतर जिलों एक्यूआई 100 से अधिक बना हुआ है। अमृतसर का एक्यूआई 211, मंडीगोबिंदगढ़ का 257, जालंधर 140, खन्ना 163, लुधियाना 132, पटियाला 124 और रूपनगर का 66 दर्ज किया गया।
