सऊदी अरब में भीषण सड़क हादसा: मक्का से मदीना जा रही बस टैंकर से टकराई, 42 भारतीय यात्रियों की दर्दनाक मौत
सऊदी अरब में सोमवार देर रात एक भयावह सड़क हादसे में 42 भारतीय यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब मक्का से मदीना की ओर जा रही यात्रियों से भरी बस एक डीजल टैंकर से जा टकराई, जिसके बाद बस में भीषण आग लग गई। इस दुर्घटना में 20 महिलाओं और 11 बच्चों सहित कुल 42 लोगों की जान चली गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस का चालक ही इस हादसे में जीवित बचा है।
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना मदीना से लगभग 160 किलोमीटर दूर मुहरास के पास भारतीय समयानुसार रात लगभग 1:30 बजे हुई। उस समय अधिकांश यात्री बस में सो रहे थे, जिस कारण उन्हें बचने का कोई मौका नहीं मिला। मरने वालों में ज्यादातर यात्री हैदराबाद के बताए जा रहे हैं।
इस दुखद घटना के मद्देनजर, तेलंगाना सरकार ने तत्काल कदम उठाए हैं। राज्य सरकार ने कहा है कि वह रियाद स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दिल्ली में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे दूतावास के साथ मिलकर पीड़ितों की पहचान की प्रक्रिया और अन्य आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करने में मदद करें।
जेद्दा में स्थित भारतीय दूतावास ने भी हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। दूतावास की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि सऊदी अरब के मदीना के निकट भारतीय उमरा तीर्थयात्रियों के साथ हुई इस दुखद बस दुर्घटना को देखते हुए, जेद्दा स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास में 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। हेल्पलाइन का संपर्क विवरण 8002440003 है।
इसके अतिरिक्त, तेलंगाना सरकार ने भी सचिवालय में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया है, ताकि हादसे के शिकार हुए लोगों के परिजन अपने प्रियजनों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें। परिजन इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं: 79979-59754 और 99129-19545।
हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सऊदी अरब में फंसे भारतीय उमरा यात्रियों की बस दुर्घटना पर शोक जताते हुए कहा कि उन्होंने हैदराबाद की दो ट्रैवल एजेंसियों से संपर्क किया है और यात्रियों की जानकारी रियाद स्थित भारतीय दूतावास के साथ साझा की है। ओवैसी ने रियाद में भारतीय दूतावास के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन (DCM) अबू मैथन जॉर्ज से भी बात की। जॉर्ज ने उन्हें बताया कि स्थानीय अधिकारियों से जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। ओवैसी ने शवों को जल्द से जल्द भारत वापस लाने की भी अपील की है।
हैदराबाद में खड़ी इलेक्ट्रिक कार में लगी भीषण आग, दूसरी कार भी चपेट में
सऊदी अरब में भीषण सड़क हादसा: उमरा से लौट रहे 42 भारतीय जायरीनों की मौत
सऊदी अरब में भीषण सड़क हादसा: उमरा से लौटते वक्त 42 भारतीयों की दर्दनाक मौत
सऊदी अरब में भीषण बस हादसा: 42 भारतीय यात्रियों की मौत की आशंका
सऊदी अरब में भीषण हादसा: मक्का-मदीना मार्ग पर बस-टैंकर टक्कर में 42 भारतीय जायरिनों की मौत
महेश बाबू के बेटे गौतम घट्टामनेनी ने न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में शुरू की पढ़ाई
हनुमान पर टिप्पणी से एस.एस. राजामौली विवादों में घिरे, नेटिजन्स की मांग…
