राप्तीसागर एक्सप्रेस में बम की अफवाह से हड़कंप, ऐशबाग में रोकी गई ट्रेन, जांच के बाद रवाना
लखनऊ के ऐशबाग जंक्शन पर उस समय अफरातफरी मच गई जब तिरुवनंतपुरम से गोरखपुर जा रही राप्तीसागर एक्सप्रेस में बम होने की सूचना मिली। इस सूचना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी और डॉग स्क्वायड की टीमें तुरंत सक्रिय हो गईं। ट्रेन के ऐशबाग स्टेशन पहुंचते ही सुरक्षा कर्मियों ने ट्रेन की सभी बोगियों और यात्रियों के सामान की सघन तलाशी ली।
लगभग एक घंटे तक चली इस गहन जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला। सुरक्षा एजेंसियों ने प्लेटफॉर्म की भी छानबीन की। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। सूचना के झूठी पाए जाने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली और सुबह करीब 11 बजे ट्रेन को उसके गंतव्य गोरखपुर के लिए रवाना कर दिया गया। इस घटना से यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा, लेकिन समय रहते स्थिति सामान्य हो गई।
