रुद्रपुर साइबर फ्रॉड: HDFC बैंक खाते से 6 लाख का लोन लेकर 5 लाख की ठगी, पुलिस जांच शुरू
रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एक व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठगों ने उसके बैंक खाते से 6.18 लाख रुपये का लोन धोखे से स्वीकृत करा लिया और फिर 5 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
ट्रांजिट कैंप निवासी कौशल गंगवार ने पुलिस को बताया कि 3 जनवरी को उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया। मैसेज में बताया गया कि उनके HDFC बैंक खाते में 6.18 लाख रुपये का लोन स्वीकृत हुआ है। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने किसी भी लोन के लिए आवेदन नहीं किया था। इसके कुछ ही देर बाद उनके खाते से एक लाख और चार लाख रुपये की निकासी का मैसेज आया।
बैंक ने बताया मोबाइल हैक हुआ
पीड़ित तुरंत बैंक शाखा पहुंचे, जहां उन्हें बताया गया कि उनका मोबाइल फोन हैक करके यह लोन लिया गया है। इस पर उन्होंने अपने सभी बैंक खाते और डिजिटल सेवाएं ब्लॉक करा दीं। पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से इस साइबर फ्रॉड की जांच कर ठगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि किस तरह से लोन स्वीकृत हुआ और पैसे निकाले गए।
