धर्मगढ़ मंदिर का कायाकल्प अटका: जमीन की एनओसी नहीं मिलने से पर्यटन विभाग के 75 लाख फंसे
रसूलाबाद स्थित धर्मगढ़ मंदिर के कायाकल्प की योजना पर ग्रहण लग गया है। पर्यटन विभाग ने मंदिर के विकास के लिए 75 लाख रुपये मंजूर किए थे, लेकिन जमीन की एनओसी प्राप्त न होने के कारण यह राशि फंस गई है। विभाग ने इस परियोजना पर असहमति जताई है।
पर्यटन विभाग की टीम ने मंदिर का सर्वे करने के बाद जमीन से संबंधित कागजात मांगे थे। मंदिर पदाधिकारियों ने जमीन का नक्शा और अन्य जानकारियां तो उपलब्ध करा दीं, लेकिन मंदिर जिस टीले पर बना है, वह पुलिस विभाग के नाम दर्ज होने के कारण एनओसी नहीं मिल पा रही है। इस कारण सरकारी बजट का उपयोग अटक गया है।
धर्मगढ़ बाबा सत्संग मंडल के पदाधिकारी इस समस्या के समाधान और बजट राशि को प्राप्त करने के लिए प्रयासरत हैं। जमीन की एनओसी मिलने में हो रही देरी से मंदिर के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिसका सीधा असर स्थानीय पर्यटन और श्रद्धालुओं पर पड़ेगा।
