आरबीआई गवर्नर ने बैंकों को दिया सख्त निर्देश, ‘ग्राहक सेवा को बनाएं प्राथमिकता’
भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने एक बार फिर बैंकों को ग्राहकों की सेवा को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि सभी बैंकों को अपनी नीतियों का निर्माण ग्राहकों की सुविधा को केंद्र में रखकर करना चाहिए। यह निर्देश ऐसे समय में आया है जब आरबीआई के पास बैंकों के खिलाफ शिकायतों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
मल्होत्रा ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए आरबीआई आगामी 1 जनवरी से 29 फरवरी तक एक विशेष अभियान चलाएगा। इस अभियान का उद्देश्य आरबीआई ओम्बड्समैन में लंबित पड़ी ग्राहकों की शिकायतों का तेजी से निपटान करना है। उन्होंने कहा कि हालांकि अधिकांश शिकायतें समय पर निपटा दी जाती हैं, लेकिन हाल के दिनों में शिकायतों की संख्या में वृद्धि के कारण लंबित मामलों का ढेर लग गया है।
गवर्नर ने मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की समीक्षा बैठक के बाद यह भी बताया कि भारतीय अर्थव्यवस्था वैश्विक चुनौतियों के बावजूद मजबूत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सर्विस सेक्टर के निर्यात में मजबूती के कारण चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में चालू खाते का घाटा (CAD) घटकर जीडीपी का 1.3 प्रतिशत रह गया है, जो पिछले वित्त वर्ष में 2.2 प्रतिशत था। उन्होंने उम्मीद जताई कि सर्विस निर्यात में तेजी और विदेश से आने वाली करेंसी के कारण चालू वित्त वर्ष में CAD में नरमी नरमी बनी रहेगी।
