उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण! औली को मिली 2026 नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप की मेजबानी
उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित औली को वर्ष 2026 में नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप की मेजबानी मिली है। यह खबर राज्य के शीतकालीन खेलों के प्रेमियों के लिए उत्साह लेकर आई है। इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की कमेटी स्की एंड स्नो बोर्ड इंडिया ने औली में इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के आयोजन का प्रस्ताव रखा है।
विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव अजय भट्ट ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश को शीतकालीन खेलों के आयोजन की जिम्मेदारी मिलना एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि आयोजन की तिथि और तैयारियों को लेकर पर्यटन विभाग को पत्र लिखा गया है। जल्द ही सरकार और पर्यटन विभाग के साथ बैठक कर मौसम के अनुसार तिथि तय की जाएगी।
स्की एंड स्नो बोर्ड इंडिया के अध्यक्ष शिवा केशवन ने कहा कि यदि राज्य सरकार इस आयोजन को लेकर तत्काल निर्णय लेती है, तो औली में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित करने पर भी विचार किया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि औली में स्की माउंटेनरिंग माउंटेनरिंग खेलों की भी नेशनल स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
