ईद की नमाज के साथ अमन की दुआ, कानपुर देहात में सुरक्षा के थे पुख्ता इंतज़ाम
कानपुर देहात की ईदगाहों और मस्जिदों में शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच ईद की नमाज अदा की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज पढ़कर देश में अमन और शांति की दुआ मांगी। एक महीने के रोजे के बाद ईद की नमाज का मौका आने से लोगों में खासा उत्साह देखा गया। जिले की 180 मस्जिदों में अकीदत के साथ नमाज अदा की गई।
अकबरपुर की ईदगाह में शहर काजी मो. उवैस अख्तर रजा ने नमाज अदा कराई, जिसके बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इसी तरह बारा गांव, मूसानगर, फत्तेपुर, भोगनीपुर, अमरौधा, सिकंदरा, रूरा, सट्टी, मावर, बिवाइन, राजपुर, हैदरपुर, झींझक, रसूलाबाद, डेरापुर, मंगलपुर, गजनेर आदि स्थानों पर भी लोगों ने ईद की नमाज अदा की और एक-दूसरे को बधाई दी। महिलाओं ने घरों में नमाज अदा करने के साथ पकवान बनाए। इस मौके पर सिवईं और ईदी का वितरण भी हुआ।
ईद की नमाज के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी गई। अकबरपुर, रूरा, राजपुर, सिकंदरा, रसूलाबाद, सट्टी, भोगनीपुर, मूसानगर, डेरापुर, गजनेर, मंगलपुर व बरौर थाना क्षेत्रों की मस्जिदों और ईदगाहों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा। नमाज के दौरान एसडीएम और सीओ भी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहे। एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय और एएसपी राजेश पांडेय ने जिले में हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी। इस आयोजन से स्थानीय लोगों में सुरक्षा का एहसास बढ़ा और त्योहार का माहौल शांतिपूर्ण रहा।
