पोस्ट ऑफिस TD स्कीम: 1000 रुपये से निवेश, पाएं टैक्स छूट का लाभ
भारतीय डाक विभाग की राष्ट्रीय बचत टाइम डिपॉजिट (टीडी) योजना सुरक्षित निवेश और निश्चित रिटर्न का एक भरोसेमंद विकल्प बनकर उभर रही है। सरकार द्वारा समर्थित इस योजना में निवेश की गई राशि पूरी तरह सुरक्षित रहती है और निर्धारित अवधि पूरी होने पर ब्याज सहित भुगतान किया जाता है।
विशेष रूप से पांच वर्ष की टाइम डिपॉजिट योजना निवेशकों के लिए फायदेमंद है। इस अवधि में बेहतर ब्याज दर मिलने के साथ-साथ आयकर अधिनियम की धारा 80सी के अंतर्गत कर लाभ का दावा भी किया जा सकता है। पुरानी कर व्यवस्था अपनाने वाले करदाता आयकर रिटर्न दाखिल करते समय इस निवेश को शामिल कर कर कटौती का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
यह योजना एक, दो, तीन और पांच वर्ष की अवधि के लिए उपलब्ध है। खाता खोलने के लिए न्यूनतम एक हजार रुपये का निवेश आवश्यक है, जिसके बाद सौ रुपये के गुणकों में राशि जमा की जा सकती है। निवेश की कोई अधिकतम सीमा निर्धारित नहीं है। ब्याज की गणना त्रैमासिक आधार पर होती है, लेकिन भुगतान वार्षिक रूप से किया जाता है।
खाता खोलने के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और आवश्यक केवाईसी दस्तावेज जमा करने होते हैं। खाता एकल या संयुक्त रूप से खोला जा सकता है, और नाबालिग के नाम से भी पात्रता पूरी होने पर खाता खोला जा सकता है। डाकघर के चेक से खाता खोलने पर प्रक्रिया शीघ्र पूरी हो जाती है। योजना में समय से पहले खाता बंद कराने और परिपक्वता के बाद अवधि बढ़ाने की सुविधा भी है।
