0

जालंधर में पुलिस मुठभेड़, Kesar Dhami murder case के दो आरोपी गिरफ्तार

By Jan 18, 2026

पंजाब के जालंधर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए केसर धामी हत्याकांड के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी आदमपुर इलाके में एक मुठभेड़ के बाद हुई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया। दोनों आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह मामला दो दिन पहले का है, जब आदमपुर स्थित संत बाबा भाग सिंह यूनिवर्सिटी के बाहर 22 वर्षीय केसर धामी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, यह हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जस्सा और उसका साथी मौके से फरार हो गए थे।

पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी डरौली कलां के पास अपने छिपाए हुए हथियार लेने आ रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर दी। जब आरोपियों ने पुलिस को देखा तो उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी।

एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई दो पिस्तौल बरामद की गई हैं। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को पकड़ने के बाद तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें