फार्मर रजिस्ट्री की धीमी रफ्तार पर डीएम का सख्त रुख, एडीओ पंचायत को फटकार
महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मंगलवार को मिठौरा विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय भागाटार और पंचायत सचिवालय का औचक निरीक्षण कर विभागीय कार्यों की प्रगति जानी। निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) एवं संबंधित अधिकारियों को ससमय कार्य पूर्ण करने की सख्त चेतावनी दी। वहीं, फार्मर रजिस्ट्री की अत्यंत धीमी गति पर उन्होंने एडीओ पंचायत कौशल किशोर सिंह को जमकर फटकार लगाई और तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी सर्वप्रथम ग्राम सभा भागाटार पहुंचे, जहां मतदेय स्थल संख्या 202, 203 और 204 पर एसआईआर का कार्य प्रगति पर था। उन्होंने बूथवार तैनात बीएलओ से मतदाताओं की कुल संख्या, गणना प्रपत्र के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। बूथ संख्या 202 पर 1126 मतदाता सूचीबद्ध हैं, जिनमें सभी गणना प्रपत्र वितरित हो चुके हैं और लगभग 200 फार्म ऑनलाइन अपलोड किए जा चुके हैं। इसी प्रकार, बूथ संख्या 203 (कुल 1141 मतदाता) पर 400 फार्म और बूथ संख्या 204 (कुल 864 मतदाता) पर भी करीब 400 फार्म ऑनलाइन अपलोड किए जाने की सूचना डीएम को दी गई। जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ को एसआईआर कार्य में और अधिक सक्रियता लाने का निर्देश दिया, ताकि निर्धारित समय-सीमा में मतदाता सूची का प्रकाशन, आपत्तियों का निस्तारण और अंतिम सूची जारी करने की प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने इस कार्य के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके पश्चात, जिलाधिकारी पंचायत सचिवालय पहुंचे, जहां किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का कार्य चल रहा था। कार्य की धीमी प्रगति को देखकर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को सरल, त्वरित और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। इसलिए, फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अंत में, जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण और फार्मर रजिस्ट्री, ये दोनों ही कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता वाले हैं। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से इन कार्यों को पूरा करने की अपेक्षा जताई।
लापरवाही पर दो बीएलओ के विरुद्ध कार्रवाई
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में लापरवाही पाए जाने पर फरेंदा तहसील के दो बीएलओ के विरुद्ध विभागीय और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार, भाग संख्या 188 की बीएलओ ज्योत्सना देवी (आंगनबाड़ी कार्यकर्ता) और भाग संख्या 65 के बीएलओ विकास सरोज (सहायक अध्यापक) के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
