अपराधी को पकड़ने गई पुलिस पर ग्रामीणों का हमला, डायल-112 वाहन क्षतिग्रस्त
खगड़िया जिले के अलौली थाना क्षेत्र अंतर्गत भिखारी घाट में पुलिस कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस टीम पर किए गए हमले की घटना सामने आई है। इस हमले में पुलिस वाहन के पीछे का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया, और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की गई।
सूत्रों के अनुसार, शनिवार सुबह लगभग आठ बजे अलौली थाना में प्रतिनियुक्त डायल-112 को सूचना मिली थी कि भिखारी घाट निवासी रामनंदन यादव के घर में एक युवक हथियार लेकर घुस गया है। सूचना के आधार पर डायल-112 की पुलिस टीम त्वरित कार्रवाई करते हुए रामनंदन यादव के घर पहुंची। वहां पुलिस ने चुनचुन यादव नामक युवक को एक देसी कट्टे के साथ पाया और उसे हिरासत में लेकर अलौली थाना ले जाने लगी।
जैसे ही पुलिस चुनचुन यादव को लेकर रवाना हुई, आसपास के स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ ने पुलिस वाहन पर हमला कर दिया, जिसके चलते वाहन का पिछला शीशा टूट गया। घटना की सूचना मिलते ही अलौली थाना से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इसके बावजूद, कुछ स्थानीय लोग पुलिस के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की पर उतारू हो गए।
इस गंभीर घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक खगड़िया, राकेश कुमार ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर – टू खगड़िया एवं पुलिस निरीक्षक सदर अंचल खगड़िया को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए घटनास्थल के लिए रवाना किया। अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में पहुंची पुलिस बल ने बिगड़े विधि-व्यवस्था की स्थिति को संभाला।
पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि वर्तमान में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। इस घटना ने पुलिस के सामने आने वाली चुनौतियों को एक बार फिर उजागर किया है, जहां कानून व्यवस्था बनाए रखने के दौरान पुलिस को ऐसे अप्रिय हालातों का सामना करना पड़ सकता है।
