पीटीएम से लौट रही महिला से दिनदहाड़े गहने लूटे, पंचकूला में सनसनी
पंचकूला में एक बार फिर बदमाशों ने दिनदहाड़े एक महिला को अपना शिकार बनाया। सेक्टर-19 निवासी सरस्वती जब अपने बच्चों के स्कूल में पीटीएम (पेरेंट्स-टीचर मीटिंग) से लौट रही थीं, तभी तीन युवकों ने उन्हें बातों में फंसा लिया।
सूत्रों के अनुसार, युवकों ने महिला से कहा कि वह परेशान लग रही हैं और वे उसकी परेशानी दूर कर सकते हैं। इस झांसे में आकर महिला उनके साथ थोड़ी दूर चली गईं। बदमाशों ने बातों-बातों में महिला से उनके कानों के टाप्स और हाथ में पहनी चांदी की अंगूठी उतरवा ली।
इसके बाद, उन्होंने महिला को एक पत्ता दिया और उसे दूर फेंक कर आने को कहा। जब महिला पत्ता फेंक कर लौटीं, तो तीनों युवक उसके जेवर लेकर वहां से जा चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-20 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 316 (2) और 318 (4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस फिलहाल घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। इस घटना से इलाके में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
