पांच शादियां करने वाला ‘फेक सिपाही’ गिरफ्तार, लाल-नीली बत्ती वाली कार बरामद
संभल पुलिस ने एक शातिर ठग सलमान उर्फ मुबारक अली को गिरफ्तार किया है, जो पुलिस की वर्दी पहनकर न केवल लोगों को ठगता था, बल्कि पांच युवतियों से शादी भी कर चुका था। यह शख्स पहले पुलिस की एसओजी टीम का मुखबिर हुआ करता था, और इसी दौरान उसे पुलिस की वर्दी का शौक चढ़ा।
आरोपी, जो ऐंचोड़ा कंबोह थाना क्षेत्र के गांव नहरौली का रहने वाला है, ने अपनी मुखबिरी के दौरान पुलिस के तौर-तरीकों को सीखा और फिर खुद की वर्दी सिलवाकर अवैध वसूली का धंधा शुरू कर दिया। वह खुद को सिपाही बताकर लोगों में धौंस जमाता और पैसे ऐंठता था। उसकी पहचान के लिए वह अक्सर अपनी गाड़ी पर लाल-नीली बत्ती और हूटर का इस्तेमाल करता था।
यह पहली बार नहीं है जब मुबारक अली पुलिस के हत्थे चढ़ा है। सूत्रों के अनुसार, सितंबर 2024 में भी उस पर संभल कोतवाली में फर्जी सिपाही बनकर वसूली करने का मुकदमा दर्ज हुआ था और वह जेल भी गया था। जेल से छूटने के कुछ ही समय बाद उसने फिर से अपना गोरखधंधा शुरू कर दिया।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि सलमान उर्फ मुबारक अली ने पांच युवतियों से अलग-अलग जगहों पर शादी की थी। इनमें से एक शादी गांव शहबाजपुर कला निवासी जमील की बेटी से हुई थी, जिसे उसने खुद को सिपाही बताकर धोखा दिया था। पुलिस पूछताछ में इस बात का खुलासा हुआ है कि वह इन सभी युवतियों को अलग-अलग स्थानों पर रखता था।
पुलिस ने शनिवार को गांव शहबाजपुर कला में उसे वसूली करते हुए पकड़ा। उसकी कार को सीज कर दिया गया है, जिसमें यूपी पुलिस लिखी टोपी, लाल-नीली बत्ती और हूटर बरामद हुआ है। इस मामले में पुलिस ने उसका चालान कर दिया है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी संभल में फर्जी सिपाही बनकर ठगी करने का मामला सामने आ चुका है। छह नवंबर 2025 को चौधरी सराय पुलिस चौकी ने एक ऐसे ही आरोपी विष्णु को गिरफ्तार किया था, जो कबाड़ का काम करने वाले व्यक्ति से अवैध वसूली कर रहा था। विष्णु ने भी अमरोहा की एक महिला सफाईकर्मी से खुद को सिपाही बताकर प्रेम विवाह किया था।
