वाराणसी में ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ सफल, 18 मामलों का वांछित अपराधी तमंचे के साथ गिरफ्तार
वाराणसी पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध और अपराधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सारनाथ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत मुखबिर की सूचना पर कुख्यात अपराधी विजय सिंह उर्फ अजय सिंह उर्फ मिंटू को गिरफ्तार किया है। यह अपराधी कई गंभीर मामलों में वांछित चल रहा था।
अभियुक्त विजय सिंह को मंगलवार दोपहर सिंहपुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक नाजायज तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस 315 बोर, एक कूट रचित आधार कार्ड और एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई। गिरफ्तार अभियुक्त फतेहपुर जिले के ग्राम पूरइन (छीनी) का निवासी है।
अभियुक्त विजय सिंह का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ थाना कैण्ट में गैंगस्टर एक्ट सहित शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में 18 से अधिक मामले दर्ज हैं। यह अपराधी गाजीपुर तक में अभियोगों में शामिल रहा है। इस गिरफ्तारी से पुलिस की सक्रियता और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को एक बड़ी सफलता मिली है।
