0

ODI सीरीज जीत के बाद भड़के कोच गौतम गंभीर, ‘अपनी हद में रहें लोग’

By Dec 6, 2025

भारतीय क्रिकेट टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज पर 2-1 से कब्जा कर लिया है। तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 270 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसके जवाब में भारत ने यशस्वी जायसवाल के शानदार नाबाद शतक और विराट कोहली व रोहित शर्मा के अर्धशतकों की मदद से 39.5 ओवर में ही जीत हासिल कर ली।

इस जीत से जहां फैंस को कुछ राहत मिली, वहीं टीम के हेड कोच गौतम गंभीर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया के सवालों पर काफी नाराज नजर आए। उनसे टेस्ट सीरीज में मिली शर्मनाक हार के बाद उनकी कोचिंग और टीम पर उठ रहे सवालों के बारे में पूछा गया था।

गंभीर ने तीखे तेवर अपनाते हुए कहा, “बहुत से लोग अपनी सीमा से बाहर जाकर बहुत कुछ कह रहे हैं। लोग अपनी हद में रहें तो ज्यादा अच्छा है, क्योंकि हम अपनी सीमा नहीं लांघते हैं।” उन्होंने आगे कहा, “जिन लोगों को कुछ नहीं पता है, वे लोग अपनी हद से बाहर आकर कमेंट कर रहे हैं।” गंभीर ने इस बात पर भी जोर दिया कि टेस्ट सीरीज का पहला मैच टीम महज 30 रनों से हारी थी, वह भी तब जब टीम का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट बल्लेबाज और कप्तान चोटिल होने के कारण बल्लेबाजी करने में असमर्थ था। उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से कुछ आईपीएल फ्रेंचाइजी मालिकों पर भी निशाना साधा, जिन्होंने टीम की कोचिंग पर सवाल उठाए थे और अलग-अलग कोचिंग के सुझाव दिए थे।

गौरतलब है कि टेस्ट सीरीज में 0-2 से क्लीन स्वीप होने के बाद गौतम गंभीर की कोचिंग पर काफी सवाल उठे थे। यह भारत की घरेलू सरजमीं पर लगातार दूसरी टेस्ट सीरीज क्लीन स्वीप थी, इससे पहले न्यूजीलैंड ने भी भारत को 3-0 से हराया था। इसके अलावा बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी गंवाने के बाद तो गंभीर को हटाने की मांग तक उठने लगी थी।

हालांकि, वनडे सीरीज जीतकर टीम इंडिया ने कुछ हद तक आलोचकों को जवाब दिया है, लेकिन कोच गौतम गंभीर के बयानों से साफ है कि वे टीम पर लगे सवालों से काफी आहत हैं और चाहते हैं कि बिना सोचे-समझे टिप्पणी करने वालों को अपनी सीमा में रहना चाहिए।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें