दिल्ली के कनॉट प्लेस में मुख्य चुनाव आयुक्त के समर्थन में उतरे व्यापारी, सीजेपी के प्रदर्शन का विरोध | delhi news
राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क के पास उस समय तीखी तनातनी देखने को मिली, जब कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के तिरंगा मार्च के विरोध में स्थानीय व्यापारी लामबंद हो गए। पालिका बाजार के दुकानदारों का एक बड़ा समूह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दिल्ली पुलिस के समर्थन में नारेबाजी करते हुए मौके पर पहुंच गया। दुकानदारों का कहना था कि तिरंगा फहराना गलत नहीं है, लेकिन इसके नाम पर किसी को भी शहर में अराजकता और व्यवस्था बिगाड़ने की छूट नहीं दी जानी चाहिए।
यह पूरा घटनाक्रम उस वक्त गरमा गया जब पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन कदम उठाने शुरू किए। प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे सीजेपी संस्थापक अभिजीत दिपके को घर से निकलते ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके बाद बराखंबा रोड पर प्रदर्शन कर रहे वामपंथी छात्र संगठनों और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की अध्यक्ष नेहा बोरा समेत कई अन्य समर्थकों को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
इस अप्रत्याशित विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी के दौरान व्यापारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में भी नारे लगाए। स्थानीय दुकानदारों के इस प्रकार खुलकर सामने आने से यह साफ हो गया कि आम व्यापारी वर्ग राष्ट्रीय राजधानी में किसी भी तरह की अशांति या अव्यवस्था के पक्ष में नहीं है। पुलिस और सुरक्षा बलों ने स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा और भीड़भाड़ वाले इलाके में शांति सुनिश्चित करने के लिए कड़े बंदोबस्त किए।
