अलीगढ़ में मायावती का मंदिर: बसपा सुप्रीमो को भेजे गए लेटर पर शुरू हुई तैयारियां, जानें क्या है पूरा मामला
अलीगढ़ में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के मंदिर निर्माण की मांग जोर पकड़ रही है। भ्रष्टाचार विरोधी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित केशव देव गौतम ने मायावती को एक पत्र भेजकर इस संबंध में अनुमति मांगी है। यदि मायावती से हरी झंडी मिलती है, तो अलीगढ़ के तहसील खैर के मोहल्ला खेरे में स्थित जमीन पर उनके निजी खर्चे से मंदिर का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
पंडित केशव देव गौतम ने स्पष्ट किया है कि यह मंदिर किसी भी राजनीतिक गतिविधि से प्रेरित नहीं होगा, बल्कि यह एक प्रेरणा स्थल के रूप में कार्य करेगा। यहां आने वाली पीढ़ी मायावती के विचारों और कार्यों से प्रेरणा ले सकेगी। मंदिर में केवल उनकी प्रतिमा ही स्थापित नहीं की जाएगी, बल्कि उनके विचारों को भी प्रमुखता से दर्शाया जाएगा। अनुमति मिलते ही भूमि पूजन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
यह प्रस्ताव ऐसे समय में आया है जब हाल ही में बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंदिर निर्माण का प्रस्ताव भी चर्चा में रहा था। पंडित केशव देव गौतम पहले भी अपने अनोखे प्रचार के तरीकों के लिए चर्चा में रह चुके हैं। उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में जूतों की माला पहनकर प्रचार किया था और 2024 के लोकसभा चुनाव में चुनाव आयोग द्वारा आवंटित चप्पल चुनाव चिह्न के साथ चप्पलों की माला पहनकर प्रचार किया था।
