मुरादाबाद में AI cyber fraud का नया तरीका, महिलाओं को अश्लील तस्वीरों से ब्लैकमेल कर रहे ठग
मुरादाबाद में साइबर ठगी का एक नया और खतरनाक ट्रेंड सामने आया है, जहां ठग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का दुरुपयोग कर रहे हैं। ये ठग संपन्न परिवारों की महिलाओं को निशाना बना रहे हैं। वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से महिलाओं की तस्वीरें चुराते चुराते हैं और फिर AI सॉफ्टवेयर का उपयोग करके उन्हें अश्लील और आपत्तिजनक रूप दे देते हैं। इन फर्जी तस्वीरों को भेजकर ठग महिलाओं को ब्लैकमेल करते हैं और मोटी रकम की मांग करते हैं।
पुलिस के अनुसार, इस तरह के मामलों में पीड़ित महिलाएं अक्सर सामाजिक बदनामी के डर से पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराने से कतराती हैं। ठग इसी बात का फायदा उठाकर बेखौफ होकर अपना जाल फैला रहे हैं। मुरादाबाद में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें ठगों ने लाखों रुपये की मांग की है।
ठगी के तरीके में, ठग पहले फेसबुक, इंस्टाग्राम या व्हाट्सएप से सार्वजनिक तस्वीरें डाउनलोड करते हैं। इसके बाद AI-आधारित टूल से तस्वीरों में छेड़छाड़ की जाती है। फिर इन फर्जी तस्वीरों को पीड़ित महिला को भेजकर धमकी दी जाती है कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो इन तस्वीरों को उनके परिवार या परिचितों को भेज दिया जाएगा।
हाल ही में मुगलपुरा क्षेत्र की एक युवती के साथ ऐसा ही हुआ। ठगों ने फेसबुक से उसकी तस्वीरें चुराकर AI से अश्लील बना दिया और फिर ब्लैकमेल कर एक लाख रुपये हड़प लिए। इसी तरह मझोला क्षेत्र की एक महिला को भी इंस्टाग्राम से तस्वीरें चुराकर ब्लैकमेल किया गया, जिससे उसने 50 हजार रुपये गंवा दिए। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि लोग सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें अपलोड करते समय अत्यधिक सावधानी बरतें।
