NCR में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, मुठभेड़ में सरगना समेत तीन गिरफ्तार
नोएडा पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को सेक्टर 92 की सर्विस रोड पर हुई मुठभेड़ के दौरान गिरोह का सरगना पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी पुलिस की घेराबंदी में पकड़े गए। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के पास से चोरी की चार कारें, 91 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और अवैध हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए बदमाशों पर पहले से 14 मुकदमे दर्ज हैं। ये सभी कम पढ़े-लिखे हैं और टैक्सी चलाने का काम भी करते थे। गिरोह का सरगना पंकज बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है, जबकि उसके साथी विवेक यादव मध्य प्रदेश के भिंड और प्रेमपाल यादव नोएडा के ही रहने वाले हैं। तीनों दिल्ली और गुरुग्राम में किराए के मकानों में रहते थे।
पूछताछ में सामने आया है कि ये बदमाश NCR क्षेत्र की सुनसान जगहों पर खड़ी गाड़ियों की रेकी करते थे और फिर उन्हें चोरी कर लेते थे। 27 नवंबर को फेज-2 थाना क्षेत्र से चोरी हुई एक कैब भी इन्हीं के द्वारा चुराई गई थी। चोरी की गई गाड़ियों को ये अन्य राज्यों में बेचते थे। टोल प्लाजा और पुलिस की नजरों से बचने के लिए ये अक्सर गांव-देहात के कच्चे और सुनसान रास्तों का इस्तेमाल करते थे। ये बदमाश आपस में बातचीत के लिए व्हाट्सएप कॉल का प्रयोग करते थे।
पुलिस को सोमवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि बदमाश चोरी की गाड़ियों के साथ सेक्टर 92 से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने सर्विस रोड पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान कार सवार तीन बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगे और फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पंकज को पैर में गोली मारकर घायल कर दिया और बाकी दो को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इन बदमाशों के पास से कुल चार कारें बरामद की हैं, जिनमें से एक कैब हाल ही में चोरी की गई थी, जबकि अन्य तीन गाड़ियां दिल्ली और फेज-3 थाना क्षेत्र से चोरी की गई थीं।
