एंबुलेंस चालक की आत्महत्या: स्टेटस पर ‘मम्मी-पापा मिस यू’, दीवार पर ‘आई लव यू’
लखनऊ के इटौंजा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात 24 वर्षीय एंबुलेंस चालक अनुज गुप्ता ने शनिवार देर रात एक निष्प्रयोज्य सरकारी आवास में फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर से शव को कब्जे में लिया।
शव के पास की दीवार पर अंग्रेजी में ‘ए एंड पी’ और ‘आई लव यू’ लिखा हुआ पाया गया। जब पुलिस ने अनुज के मोबाइल की जांच की, तो देखा कि उसने अपने स्टेटस पर ‘आई मिस यू मम्मी-पापा’ अपडेट किया था। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक अनुज गुप्ता मूल रूप से सीतापुर के हरगांव का निवासी था। वह यहां डायल 108 और 102 एंबुलेंस सेवा में चालक के रूप में तैनात था और कई महीनों से सीएचसी इटौंजा के निष्प्रयोज्य सरकारी आवास में रह रहा था। परिवार वालों का कहना है कि कुछ दिन पहले घर में मुंडन का कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होकर वह शुक्रवार रात को ही ड्यूटी पर लौट आया था।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, घर पर किसी बात को लेकर बहसबाजी भी हुई थी, जिसके बाद अनुज ने परिजनों से बात नहीं की थी। परिजनों ने यह भी बताया कि अनुज का मोबाइल घर से वापस लौटते समय नहीं मिल पाया था। फोन बंद होने और लगातार संपर्क न होने पर घर वालों ने अस्पताल के अन्य कर्मचारियों से बात की, लेकिन उन्हें कोई जानकारी नहीं मिली।
शनिवार शाम को जब परिवार वाले सीएचसी पहुंचे, तो उन्होंने कर्मचारियों के साथ मिलकर अनुज के आवास तक गए। वहां उन्होंने खिड़की टूटी हुई देखी। अंदर झांककर देखने पर अनुज का शव रस्सी के फंदे से लटकता हुआ नजर आया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. किसलय बाजपेयी ने बताया कि अनुज ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी किसी को कोई जानकारी नहीं है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसओ इटौंजा मारकंडेय यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल डेटा की जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा।
घटना के बाद पुलिस ने अस्पताल परिसर में मौजूद सभी कर्मचारियों से पूछताछ की। सभी कर्मचारी इस घटना से स्तब्ध हैं। उनका कहना है कि अनुज हमेशा हंसने-बोलने वाला और मिलनसार व्यक्ति था। अचानक उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, यह किसी की समझ में नहीं आ रहा है। उन्होंने बताया कि अनुज ने कभी भी अपनी किसी भी समस्या के बारे में किसी से बात नहीं की थी, अन्यथा उसका समाधान निकालने का प्रयास किया जाता।
लखनऊ में 15 एकड़ में बनेगा भव्य मैंगो पार्क, 108 प्रजातियों के 2000 से अधिक पौधे होंगे
दिल्ली ब्लास्ट केस: डॉ. शाहीन से खुलेंगे आतंकी नेटवर्क के राज, NIA की लखनऊ में दस्तक
नाले में मिला युवक का शव, गिट्टी-मौरंग की बोरियों में बंधा था शव
अपहरण और हत्या: दोषी को उम्रकैद, 70 हजार का जुर्माना
सेना में नौकरी का झांसा: दो युवकों से छह लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र थमाया
धर्मेंद्र की ‘इक्कीस’ की शूटिंग: लाहौर एयरपोर्ट बना लखनऊ का इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान
सीएम के आदेश पर एलआईयू अलर्ट: राजधानी में अवैध विदेशियों की तलाश तेज
यूपी में एसआईआर अवधि बढ़ाने की सपा की मांग, अखिलेश ने सरकार पर साधा निशाना
