नहर किनारे मजदूर का शव मिला, साथियों पर जहर देकर हत्या का गंभीर आरोप
संभल जनपद के थाना असमोली क्षेत्र में नहर किनारे एक मजदूर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने मृतक के साथ मजदूरी करने वाले साथियों पर शराब में जहर मिलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, आरोपी बताए जा रहे साथी मजदूर मौके से फरार हो गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, घटना थाना असमोली क्षेत्र के गांव बैला की मिलक की है। गांव निवासी 25 वर्षीय विनोद पुत्र वीर सिंह, अपने गांव के ही सूरजभान, प्रदीप, राकेश और विक्रम के साथ रोजाना पाकबड़ा में मजदूरी करने जाता था। सोमवार की सुबह भी वह अन्य साथियों के साथ मजदूरी पर गया था, लेकिन शाम को घर वापस नहीं लौटा।
देर शाम जब विनोद घर नहीं पहुंचा तो उसके साथी मजदूर सूरजभान और प्रदीप उसके घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को बताया कि विनोद नशे की हालत में पड़ोसी गांव हरथला की नहर किनारे पड़ा हुआ है। यह सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने विनोद को बाइक पर लादकर एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी कुलदीप कुमार और प्रभारी निरीक्षक राजीव मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। परिजनों ने पुलिस को बताया कि विनोद की हत्या उसके साथी मजदूरों ने शराब में जहर मिलाकर की है। उनका आरोप है कि मजदूरी के पैसों को लेकर विवाद हुआ था, जिसके चलते उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया।
प्रभारी निरीक्षक राजीव मलिक ने बताया कि मृतक विनोद शादीशुदा था और उसकी एक बेटी भी है। उन्होंने बताया कि जिन साथी मजदूरों पर हत्या का आरोप लगाया गया है, वे सभी फिलहाल फरार हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का स्पष्ट कारण पता चल सकेगा और उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
