0

नासिक: बच्ची से दुष्कर्म और हत्या, उग्र भीड़ ने की फांसी की मांग

By Nov 22, 2025

महाराष्ट्र के नासिक जिले के मालेगांव में एक चार वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी निर्मम हत्या के मामले ने शुक्रवार को भी स्थानीय लोगों को उग्र कर दिया। मालेगांव सत्र न्यायालय के बाहर बड़ी संख्या में जुटे प्रदर्शनकारियों ने सड़कों को जाम कर दिया और आरोपी को उन्हें सौंपने या तत्काल फांसी देने की मांग की।

घटना रविवार को मालेगांव के डोंगराले गांव की है, जहां बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। उसी गांव के एक व्यक्ति ने उसे चॉकलेट का लालच देकर बहलाया और अपने साथ ले गया। आरोप है कि उस व्यक्ति ने पहले बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और फिर पत्थर से सिर कुचलकर उसकी निर्मम हत्या कर दी।

काफी देर तक बच्ची के घर न लौटने पर परिवार ने पुलिस की मदद ली। पुलिस की तलाश के दौरान बच्ची का शव गांव के ही एक मोबाइल टावर के पास क्षत-विक्षत हालत में मिला। बाद में पुलिस ने टॉवर के पास रहने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद से ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। मालेगांव में पूर्ण बंद रहा और हजारों लोगों ने पैदल मार्च निकालकर अपना विरोध जताया। गुरुवार को मामले की सुनवाई के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सत्र न्यायालय में घुसने का भी प्रयास किया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर उन्होंने कोर्ट के गेट पर चप्पलें फेंकीं।

उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। भीड़ की हिंसक प्रवृत्ति को देखते हुए, अदालत ने आरोपी की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करवाई। न्यायाधीश केआर. पाटिल ने आरोपी की पुलिस हिरासत 27 नवंबर तक बढ़ा दी है।

इस बीच, महाराष्ट्र सरकार के वरिष्ठ मंत्री गिरीश महाजन ने शुक्रवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें हर संभव न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर ने भी पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें न्याय मिलने का भरोसा दिलाया है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें