0

नामांकन के बाद ओवैसी के प्रत्याशी गिरफ्तार, हार्ट अटैक से पटना रेफर, समर्थकों का हंगामा

By Nov 15, 2025

जहानाबाद, जागरण संवाददाता। बिहार विधानसभा चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को एक नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के जहानाबाद विधानसभा सीट से प्रत्याशी और नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष मो. कलाम उद्दीन को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के ठीक बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कलाम उद्दीन पर हत्या के प्रयास का एक पुराना मामला दर्ज है, जो काको थाना में उनके खिलाफ पंजीकृत है।

गिरफ्तारी के तुरंत बाद कलाम उद्दीन को सदर थाना लाया गया, जहां उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें हार्ट अटैक आने की शिकायत हुई, जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया। इस घटना ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल मचा दी है।

गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही कलाम उद्दीन के समर्थक आक्रोशित हो गए। उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश करार देते हुए जमकर हंगामा किया और अपनी नाराजगी व्यक्त की। समर्थकों का आरोप है कि चुनाव से ठीक पहले और नामांकन के तुरंत बाद की गई यह कार्रवाई दुर्भावनापूर्ण है। पुलिस ने फिलहाल पूरे मामले पर विस्तृत टिप्पणी करने से परहेज किया है।

शहर के जाफरगंज निवासी कलाम उद्दीन सामाजिक रूप से काफी सक्रिय रहते हैं और मुस्लिम समाज में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है, यही वजह है कि ओवैसी ने उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया था। जहानाबाद में नामांकन के दौरान किसी प्रत्याशी की यह पहली गिरफ्तारी है, जिसने राजनीतिक गलियारों में चर्चा को और गर्म कर दिया है। जैसे ही उनकी तबीयत खराब होने की जानकारी स्थानीय निवासियों को मिली, बड़ी संख्या में लोग सदर अस्पताल पहुंच गए।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें