सांसद चंद्रप्रकाश ने भारतमाला परियोजना का काम रुकवाया, सुरक्षा मानकों पर उठाया सवाल
झारखंड के रामगढ़ जिले के दुलमी प्रखंड में भारतमाला परियोजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य में अनियमितताओं और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है। गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने सोमवार शाम निर्माण स्थल का निरीक्षण कर एनएचएआई (NHAI) के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
सांसद ने मौके पर ही विभाग के निदेशक से फोन पर बात कर स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक सड़क पर उतरने-चढ़ने के लिए एंट्री प्वाइंट, अंडरपास का निर्माण और सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन नहीं किया जाता, तब तक सड़क निर्माण का कार्य तत्काल प्रभाव से बंद रहेगा। एनएचएआई के अधिकारियों ने इस मामले पर बातचीत के लिए तीन दिनों का समय मांगा है।
सांसद चौधरी ने दो टूक कहा कि यदि तय समय सीमा के भीतर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती है, तो वे ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह मामला तब सामने आया जब ग्रामीणों ने भारतमाला परियोजना के तहत ओरमांझी से जैनामोड़ बोकारो मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य में अनियमितताओं की शिकायत की थी। विशेष रूप से कुल्ही चौक के समीप एंट्री प्वाइंट और अंडरपास के निर्माण की अनदेखी कर मिट्टी भराई का कार्य शुरू कर दिए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश था। इससे पहले भी सांसद ने एनएचएआई और परियोजना अधिकारियों को लिखित रूप से सूचित किया था कि जब तक आवश्यक निर्माण नहीं होते, तब तक कार्य शुरू न किया जाए।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने यह भी पाया कि सड़क निर्माण के लिए बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई की गई है, लेकिन उनके बदले पौधारोपण की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। इसके अतिरिक्त, सड़क के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन बिजली की लाइनें भी भविष्य में बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। इस दौरान दुलमी अंचलाधिकारी, पीआरए प्राइवेट लिमिटेड के एमडी और ग्रामीण भी मौजूद रहे।
