0

मुरादाबाद: कॉलेज छात्रों को 3 साल से चरस बेच रहे थे बाप-बेटे, पुलिस ने 3 पेडलरों को दबोचा

By Dec 13, 2025

मुरादाबाद में कॉलेज के छात्रों को पिछले 3 सालों से चरस सप्लाई कर रहे 3 ड्रग पेडलरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि इन पेडलरों का नेटवर्क शिक्षण संस्थानों के आसपास सक्रिय था। पाकबड़ा पुलिस ने राजाराम को एक किलो 53 ग्राम चरस के साथ पकड़ा। राजाराम से पूछताछ के बाद पुलिस को चकमा देकर भागे दो भाई तुषार और स्वयं को सिविल लाइंस पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए दोनों भाइयों के पिता जगदीश उर्फ सेटी को हाल ही में हरिद्वार पुलिस ने 19 किलोग्राम गांजे के साथ दबोचा था और वह इस समय जेल में हैं। तीनों पिता-पुत्र मिलकर तस्करों को चरस देते थे, जो अलग-अलग स्थानों पर जाकर सप्लाई करते थे। राजाराम भी तीन साल से इन्हीं से चरस लेकर छात्रों को बेच रहा था।

राजाराम ने पुलिस को बताया कि नए साल के जश्न को लेकर चरस की मांग बहुत बढ़ गई थी। वह शिक्षण संस्थानों के बाहर छात्रों को चरस सप्लाई करता था। चरस स्वयं और तुषार से खरीदकर लाया था। पुलिस के अनुसार, स्वयं और तुषार भी मौके पर मौजूद थे, लेकिन पुलिस को देखकर भाग गए थे। बाद में सिविल लाइंस पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया।

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि दोनों भाई अपने पिता जगदीश के साथ मिलकर तस्करों को चरस बेचते थे। राजाराम पिछले तीन साल से शिक्षण संस्थानों के छात्रों को चरस बेच रहा था। वह डिमांड आने के बाद चरस लेकर जाता था। शुक्रवार को पाकबड़ा स्थित दो बड़े शिक्षण संस्थानों को चरस देने गया था। छात्र उसे फोन कर चरस मांगते थे, जिसके बाद वह उन्हें चरस देने जाता था।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें