कानपुर में टूटे वाइजर से पकड़ा गया मोबाइल लुटेरा, पुलिस ने iPhone 15 किया बरामद
कानपुर पुलिस ने कर्नलगंज इलाके में एक कपड़ा व्यापारी से iPhone 15 लूटने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उसकी बाइक के टूटे हुए वाइजर से हुई, जिसने पुलिस को उस तक पहुंचने में मदद की। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटा गया iPhone 15 भी बरामद कर लिया है।
कर्नलगंज थाना प्रभारी विनीत चौधरी ने बताया कि सोमवार शाम को कपड़ा व्यापारी रफीउल्ला अपने साथी के साथ नमाज पढ़कर लौट रहे थे। इसी दौरान साइकिल मार्केट के पास बाइक सवार एक युवक ने उनका iPhone 15 छीन लिया और फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया। फुटेज में लुटेरे की पैशन बाइक का वाइजर टूटा हुआ दिखाई दिया। इसी टूटे वाइजर के आधार पर स्थानीय लोगों ने लुटेरे की पहचान की। बुधवार सुबह पुलिस टीम ने एक्सेल रोड से मोईनुद्दीन उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया, जब वह लूटा हुआ मोबाइल बेचने जा रहा था। आरोपी मोईनुद्दीन पहले भी लूट के मामले में जेल जा चुका है।
