0

BDO कार्यालय में बिचौलिए का तांडव: नशे में घुसकर दी गोली मारने की धमकी, SC/ST एक्ट के तहत FIR दर्ज

By Dec 15, 2025

लातेहार के बालूमाथ प्रखंड कार्यालय में मनरेगा योजना को लेकर मंगलवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कथित मनरेगा बिचौलिया ने कार्यालय में घुसकर हंगामा कर दिया। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सोमा उरांव ने आरोपी राजकुमार यादव के खिलाफ बालूमाथ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

बीडीओ द्वारा थाना को दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, 9 दिसंबर 2025 की शाम करीब 7 बजे से 7:30 बजे के बीच राजकुमार यादव उर्फ प्रिंस यादव, निवासी ग्राम मंसिंघा, पोस्ट मुरपा, थाना बालूमाथ, शराब के नशे में बिना अनुमति बीडीओ कक्ष में घुस आया। आरोपी ने मनरेगा योजना की स्वीकृति को लेकर दबाव बनाना शुरू किया।

आवेदन में उल्लेख है कि आरोपी ने बीडीओ सोमा उरांव के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। इतना ही नहीं, कार्यालय में मौजूद सहायक अभियंता (एई), कनीय अभियंता (जेई), बीपीओ तथा कंप्यूटर ऑपरेटर के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। आरोपी द्वारा सभी कर्मचारियों को गोली मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

बीडीओ ने अपने आवेदन में यह भी बताया कि राजकुमार यादव पूर्व में भी प्रखंड कार्यालय के ऑपरेटर कक्ष में जबरन घुसकर कंप्यूटर मशीन की तोड़फोड़ कर चुका है। इस तरह की लगातार घटनाओं से कार्यालय का माहौल खराब हो रहा है। घटना के बाद प्रखंड कार्यालय के कर्मचारियों में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।

बीडीओ ने इसे सरकारी कार्य में बाधा डालना, सरकारी सेवक को धमकी देना तथा जाति-सूचक शब्दों के प्रयोग से जुड़ा गंभीर अपराध बताया है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट एवं भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें