लखनऊ कोल्ड ड्रिंक गोदाम में भीषण आग, लाखों के माल का नुकसान
लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के सरवन नगर में बुधवार देर रात एक कोल्ड ड्रिंक और चिप्स के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही सरोजनीनगर और आलमबाग फायर स्टेशनों से दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान, आग से उठे दमघोंटू धुएं के कारण दमकल कर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के घरों को खाली करा लिया गया था।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल के अनुसार, यह दो मंजिला इमारत व्यवसायी आशीष कुमार तिवारी का कोल्ड ड्रिंक और चिप्स का गोदाम था। यहां भारी मात्रा में पान मसाला और अन्य सामान भी रखा हुआ था। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
अग्निकांड में गोदाम में रखा लाखों रुपये का माल जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी जनहानि की सूचना नहीं है। दमकल कर्मियों को आग बुझाने के दौरान ब्रीदिंग एपरेटस (बीए सेट) का इस्तेमाल करना पड़ा क्योंकि परिसर में घना काला धुआं फैल गया था। यह भी सामने आया है कि गोदाम में अग्नि सुरक्षा उपकरण मौजूद नहीं थे।
